कैब चालक ने रॉड मारकर फोड़ा युवक का सिर, आरोपी कैब चालक फरार

शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में मामूली कहासुनी से नाराज कैब चालक ने लोहे की रॉड मारकर युवक का सिर फोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। युवक के माता-पिता उसे नजदीकी जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
युवक परिवार के साथ सीमापुरी इलाके में रहता है। इसके माता-पिता दोनों वकील हैं। उसे पिछले कुछ समय से नशे की लत लग गई थी। जिसकी वजह से वह डिप्रेशन का भी शिकार है। परिजन उसका इलाज करवा रहे हैं।
कुछ दिनों से युवक ने गाजियाबाद में अपना कुछ काम शुरू किया है। शनिवार दोपहर को वह कैब में सवार होकर घर पहुंचा था। कैब से सामान उतारने को लेकर उसकी कैब चालक से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कैब चालक ने अचानक एक लोहे की रॉड से युवक पर हमला कर दिया। इससे घायल युवक वहीं गिर गया। यह देखकर बालकनी में खड़ी उसकी मां ने शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी कैब चालक फरार हो गया। पुलिस ने सोमवार को युवक की मां के बयान पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।