दिल्ली के चंदर विहार इलाके में नकली वीजा बनाने वाले दो अफ्रीकी गिरफ्तार

Featured image

दिल्ली पुलिस ने चन्दर विहार इलाके से अफ्रीका के दो नागरिकों को भारत का जाली वीजा बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अफ्रीकी देशों के लोगों के लिए यह वीजा बनाया था। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान घाना के नागरिक ओरटेगा लियोनार्ड (33) और कोट डिलवोइर के नागरिक डियोमांडे अली (32) के रूप में हुई है।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विचित्र वीर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी की निलोठी एक्सटेंशन के चंदर विहार इलाके में रहने वाले दो अफ्रीकी ऐसे अफ्रीकी लोगों के लिए भारत का जाली वीजा तैयार कर रहे हैं जिनके वीजा की अवधि खत्म हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनके लेपटॉप को जब्त कर लिया गया है जिसमें जाली वीजा का प्रारूप था। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपी 2018 में तीन महीने के पर्यटन वीजा पर भारत आए थे लेकिन अपने-अपने वतन नहीं लौटे. (डीसीपी) विचित्र वीर के मुताबिक, उनके पासपोर्ट पर भी जाली वीजा पाया गया है जो कथित रूप से उन्होंने ही तैयार किया था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अबतक 30 से ज्यादा जाली वीजा तैयार कर चुके हैं। जाली वीजा इस्तेमाल करने वाले अफ्रीकी लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और पुलिस अब उन लोगों की पहचान में जुटी है जो फर्जी वीजा के सहारे भारत में रह रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को कई लोगों के ठिकानों का भी पता भी चला है और वहां के संबंधित थानों को भी सूचित कर दिया गया है। ‌अब जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं. जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि इनके साथ में ही किसी बड़े नकली वीजा रैकेट का भी पता चल सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *